रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री के बावजूद राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में बारिश नहीं होने से लोगों को भीषण उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के लगातार पूर्वानुमान के बावजूद राजधानी में बारिश की कमी से गर्मी और बेचैनी बढ़ गई है। हालांकि मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 29 जून से अगले 4 दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले 3 दिनों में शेष हिस्सों तक पहुंचने के आसार हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। कोहकामेटा में 7 सेमी, कोंटा में 6 सेमी, खड़गांव में 5 सेमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा करपावंड, फरसगांव, मानपुर, नारायणपुर, मर्दापाल, रामचंद्रपुर, गंडई सहित कई इलाकों में 3–4 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार विभिन्न मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिनमें द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण शामिल हैं। इसके प्रभाव से प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर में यलो अलर्ट जारी किया है, जहां बिजली गिरने, तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
