रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने एक बार फिर आधी रात विशेष ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाकर शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से कुल 47 नशेड़ी वाहन चालकों को पकड़ा गया, जिनके खिलाफ मोटर यान अधिनियम, 1988 के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नर और प्रभारी पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) के निर्देश पर शनिवार रात 27 जून 2026 को सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सीमा अहिरवार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। शहर के तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भाठागांव, टाटीबंध, कालीबाड़ी, जयस्तंभ, भनपुरी चौक और पंडरी थाना के सामने सहित कुल 9 स्थानों पर विशेष जांच की गई।
अभियान के दौरान 29 कार, 4 मोटरसाइकिल, 1 ई-रिक्शा, 7 टाटा एस और 6 ट्रकों के चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। सभी के खिलाफ चालान बनाकर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 3559 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, क्योंकि यह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन को भी गंभीर खतरे में डालता है।
