‘मन की बात’ विकसित भारत के संकल्प को देती है नई ऊर्जा : CM विष्णुदेव साय

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ सुनी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ जनता और नेतृत्व के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम बन चुका है, जो विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देने का कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक एपिसोड में देशभर के नवाचारों, जनभागीदारी और प्रेरणादायी प्रयासों को सामने लाते हैं, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के कई प्रसारणों में छत्तीसगढ़ के नवाचारों और उपलब्धियों का उल्लेख होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री ने आगामी गणेशोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मिट्टी से बनी भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करने की अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। वर्षा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और हर बूंद को बचाने का संदेश भी दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मेघालय के जीवित रूट ब्रिज का उदाहरण देते हुए प्रकृति और मानव के समन्वय को रेखांकित किया। वहीं विज्ञान और जागरूकता के जरिए अंधविश्वास दूर करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। असम की महिलाओं द्वारा ‘हरगिला आर्मी’ के माध्यम से दुर्लभ पक्षी हरगिला के संरक्षण का उल्लेख भी प्रेरणादायी बताया।

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नागालैंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाली नागालैंड बेबी लीग और नागालैंड वुमन फुटसाल लीग जैसी पहलों की सराहना की। इसके साथ ही नालंदा विश्वविद्यालय और सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी द्वारा भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि डोमिनिकन रिपब्लिक में ‘ब्रह्मकमल डोमिनिकाना’ के सदस्य वैदिक साहित्य का अध्ययन कर भारतीय संस्कृति से जुड़ रहे हैं, जबकि मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा की महिलाओं द्वारा प्लास्टिक कचरे से सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने की पहल स्वच्छता और नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण है।