धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन की PM SHRI योजना के तहत नियुक्त राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी एवं धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने विकासखंड मगरलोड स्थित PM श्री स्कूल भैंसमुंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक, अनुशासनात्मक और आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने भौतिकी, रसायन एवं जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति, ड्रॉपआउट रेट, परीक्षा परिणाम, छात्र-छात्राओं के शौचालयों की स्वच्छता, सेनेटरी डिस्पेंसर तथा मिड-डे मील की गुणवत्ता और रसोई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके बाद आयोजित संवाद सत्र में सूरज सिंह परिहार ने विद्यार्थियों से आत्मीय चर्चा करते हुए अनुशासन, समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था है और इसी दौरान अर्जित ज्ञान, सकारात्मक सोच तथा आत्मविश्वास सफलता की नींव रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रसिद्ध श्लोक “काक चेष्टा, बको ध्यानम्…” का भावार्थ समझाते हुए जिज्ञासु, एकाग्र, सतर्क और अनुशासित बनने की प्रेरणा दी। साथ ही मोबाइल और सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से बचने, इंटरनेट का उपयोग केवल शिक्षा के लिए करने तथा नशा, साइबर अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की सलाह दी।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, शिक्षक, पुलिस अधिकारी, सैनिक और प्रशासनिक अधिकारी बनने की अपनी आकांक्षाएं साझा कीं। इस पर एसपी ने कहा कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन कुछ नया सीखने, पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित करने और खेलकूद व रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एसपी के मार्गदर्शन को प्रेरणादायी बताते हुए उनकी पहल की सराहना की।
