रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अगले 3 से 4 दिनों के भीतर शेष हिस्सों तक पूरी तरह पहुंचने की संभावना है। राजधानी रायपुर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, लेकिन उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 7 दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
आज प्रदेश के कई जिलों में सुबह से ही बारिश के आसार बने हुए हैं। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं (30–40 किमी प्रति घंटा) और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटों में भी कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मुंगेली में 5 सेमी और दरभा में 4 सेमी बारिश दर्ज हुई है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
