धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़ियापारा में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। खाली ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही जान चली गई। मृतक की पहचान सुमन मरकाम के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर पलटने के दौरान सुमन मरकाम के शरीर के बाएं हिस्से और सिर में गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उनकी मौत का कारण माना जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हादसे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास कर रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि सुमन मरकाम मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असमय मौत से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

