केले के पेड़ काटने के विवाद में चाचा की हत्या, धारदार हथियार से हमला; पत्नी और बेटा घायल

Follow Us

हाजीपुर। बिहार के वैशाली जिले में केले के पेड़ काटने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस्माइलपुर गांव में भतीजे ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर अपने चाचा की हत्या कर दी। इस हमले में मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनका बेटा भी जख्मी हुआ है। घटना देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अमोद राम (55) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि केले के पेड़ काटने को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी चंदन कुमार ने कथित रूप से धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में अमोद राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया है। घटना में मृतक का बेटा भी घायल हुआ है, हालांकि उसकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली के पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह पारिवारिक विवाद और केले के पेड़ काटने को लेकर हुआ विवाद प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी चंदन कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, घटना के बाद इलाके में स्थिति सामान्य है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर निगरानी रखी जा रही है।