अमरजीत भगत के बयान पर BJP का पलटवार, पुरंदर मिश्रा बोले- प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए कर रहे बयानबाजी

Follow Us

रायपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के हालिया बयान पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अमरजीत भगत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की कोशिश में लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। पुरंदर मिश्रा ने कहा कि अमरजीत भगत उनके छोटे भाई जैसे हैं, लेकिन उन्हें अपने 2018 से 2023 तक के कार्यकाल को भी याद रखना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उस दौरान मंत्री बनने के लिए उन्हें काफी प्रयास करने पड़े थे।

भाजपा विधायक ने कांग्रेस और भाजपा सरकारों के कामकाज की तुलना करते हुए कहा कि जनता दोनों सरकारों के कार्यों का आकलन कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमरजीत भगत संगठन में नई जिम्मेदारी पाने की उम्मीद में लगातार भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिविर में संगठन को मजबूत करने से ज्यादा आर्थिक संसाधन जुटाने और चंदा संग्रह पर चर्चा की गई। उनके अनुसार कांग्रेस की बैठकों का मुख्य उद्देश्य फंड जुटाने की रणनीति बनाना है।

दरअसल, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने हाल ही में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास ऐसी रिपोर्ट है जिसमें सरकार की दोबारा वापसी की संभावना कमजोर बताई गई है। भगत ने कहा कि भाजपा “ऑल इज़ वेल” का दावा कर रही है, लेकिन ज़मीनी स्थिति कुछ और ही दिखाई दे रही है। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच इस बयानबाजी के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर एक बार फिर तेज हो गया है।