लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज देवरिया और गोरखपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे देवरिया जिले में रु.456 करोड़ से अधिक लागत वाली 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम बरहज और रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसके बाद गोरखपुर पहुंचकर एस्ट्रोमेडिक्स मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे। इस दौरे को क्षेत्र के विकास और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री ने लिखा कि देवरहा बाबा की पावन भूमि देवरिया में विकास और जनकल्याण के एक नए अध्याय की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह अभियान प्रत्येक परिवार के जीवन में नई आशा, नए अवसर और समृद्धि का आधार बनेगा।
