पंचायत आमसभा में हंगामा: उपसरपंच से मारपीट का आरोप, सरपंच पुत्र समेत कई लोगों पर एफआईआर की मांग

Follow Us

अभनपुर। ग्राम पंचायत जौंदी में आयोजित आमसभा के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि उपसरपंच के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आ गया। उपसरपंच पोखन लाल यदु ने गोबरा नवापारा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए सरपंच पुत्र सहित कई लोगों पर हमला करने और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक, 24 जून को पंचायत भवन में आमसभा आयोजित की गई थी। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही सूची को लेकर चर्चा चल रही थी। सूची में शामिल 169 नामों में से 120 लोगों के नाम नहीं होने को लेकर कुछ ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और उपसरपंच पर आरोप लगाए।

उपसरपंच का कहना है कि, इसी विवाद के दौरान कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ दिया और उन्हें निशाना बनाया। आरोप है कि सभा खत्म होने के बाद उन्हें पंचायत भवन से बाहर ले जाकर मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि घटना में उन्हें चोटें आईं और उनकी बाइक को भी नुकसान पहुंचाया गया। उपसरपंच ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना के बाद पंचायत क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।