लंदन। ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। लंबे समय से चल रहे दबाव के बीच स्टार्मर ने अपने फैसले की जानकारी दी। अपने संबोधन में स्टार्मर ने कहा कि, जब उन्होंने पार्टी की जिम्मेदारी संभाली थी, तब लेबर पार्टी राजनीतिक, आर्थिक और नैतिक चुनौतियों से जूझ रही थी। उन्होंने दावा किया कि, उनकी अगुवाई में पार्टी ने कई अहम बदलाव किए और जनता का भरोसा दोबारा हासिल करने की कोशिश की।
स्टार्मर ने कहा कि, उनके फैसलों का मुख्य उद्देश्य देश के हितों को प्राथमिकता देना रहा। उन्होंने पार्टी में यहूदी-विरोधी गतिविधियों पर कार्रवाई, अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर काम करने का भी जिक्र किया। अब लेबर पार्टी के नए नेतृत्व को लेकर चर्चा तेज हो गई है। एंडी बर्नहैम को संभावित दावेदारों में शामिल माना जा रहा है। वहीं, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने भी नेतृत्व की दौड़ में शामिल होने के संकेत दिए हैं। स्टार्मर के इस्तीफे के बाद ब्रिटेन की सियासत में नए नेतृत्व और आगामी रणनीति को लेकर हलचल बढ़ गई है।
