जंतर-मंतर विरोध: शिक्षा सुधार और एनईईटी मुद्दे पर सीजेपी के प्रदर्शन जारी, डीयू के प्रोफेसर ने दिया पब्लिक लेक्चर

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और NEET पेपर लीक के मुद्दे को लेकर चल रहा प्रदर्शन बुधवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में छात्र, शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता लगातार अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, परीक्षा प्रणाली में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि सरकार शिक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है। इसी बीच दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विजेंद्र चौहान बुधवार शाम जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देंगे। वह प्रदर्शन स्थल पर एक पब्लिक लेक्चर भी देंगे, जिसमें NEET पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

प्रोफेसर विजेंद्र चौहान ने कहा कि लंबे समय से शिक्षा के बजट, परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता और छात्रों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अब शिक्षा से जुड़े सवाल देश की सार्वजनिक बहस का हिस्सा बन रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि, छात्रों के हितों और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। वहीं, जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था भी बनाए रखी गई है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहा है।