खेत की जुताई में मिला 30 किलो का मोर्टार शेल, पुलिस और सीआरपीएफ ने संभाला मोर्चा

Follow Us

चाईबासा। झारखंड के चाईबासा जिले में खेत की जुताई के दौरान एक संदिग्ध विस्फोटक मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोनपोखरी गांव में करीब 30 किलोग्राम वजन का जंग लगा मोर्टार शेल जैसा पदार्थ बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और CRPF की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

जानकारी के मुताबिक, सोनपोखरी गांव निवासी विजय हेंब्रम के खेत में ट्रैक्टर से जुताई चल रही थी। इसी दौरान चालक शिवचरण महतो को जमीन के अंदर किसी भारी वस्तु के दबे होने का एहसास हुआ। मिट्टी हटाने पर वहां एक संदिग्ध जंग लगा शेल दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और CRPF जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर ग्रामीणों को दूर रखा। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने संदिग्ध वस्तु की जांच की और उसे सुरक्षित कब्जे में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि फिलहाल किसी तरह के खतरे की स्थिति नहीं है। ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

गौरतलब है कि, झारखंड में इससे पहले भी पुराने विस्फोटक मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। कुछ महीने पहले पूर्वी सिंहभूम क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी किनारे द्वितीय विश्व युद्ध से जुड़े पुराने बम बरामद हुए थे। लगातार मिल रहे ऐसे मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।