बेंगलुरु। दक्षिण भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता प्रकाश राज की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बेंगलुरु की एक अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। मामला कथित तौर पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और चुनावी हलफनामे में जानकारी छिपाने के आरोपों से जुड़ा है। बेंगलुरु की अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) अदालत ने प्रकाश राज के खिलाफ तीन बार वारंट जारी किया है। बताया जा रहा है कि अदालत की ओर से भेजे गए समन का जवाब नहीं मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
शिकायतकर्ता के. दिलीप कुमार ने आरोप लगाया है कि, प्रकाश राज ने वर्ष 2019 में बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते समय अपने हलफनामे में केवल बेंगलुरु के शांतिनगर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम होने की जानकारी दी थी। शिकायत में दावा किया गया कि उनका नाम उसी समय अन्य राज्यों की मतदाता सूचियों में भी दर्ज था।
आरोपों के अनुसार, इनमें चेन्नई के वेलाचेरी विधानसभा क्षेत्र और तेलंगाना के सेरिलिंगमपल्ली विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची शामिल हैं। हालांकि, मामले में आरोपों की पुष्टि अदालत की प्रक्रिया के बाद ही होगी। कोर्ट ने समन भेजने के लिए पुलिस के माध्यम से भी प्रयास किए थे, लेकिन कथित तौर पर प्रकाश राज उस पते पर नहीं मिले जहां नोटिस भेजा गया था। अब इस मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को होगी। फिलहाल प्रकाश राज की ओर से इस मामले में कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
