रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब रावाभाठा स्थित हृदयलाल चौक के पास ईएसआईसी (ESIC) अस्पताल के समीप तालाब किनारे एक विकसित भ्रूण मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब इस क्षेत्र में ऐसी घटना सामने आई हो। लोगों का कहना है कि, इससे पहले भी इसी स्थान के आसपास विकसित भ्रूण मिलने का मामला सामने आ चुका है, जिससे क्षेत्रवासियों में चिंता और नाराजगी बढ़ गई है। घटना की सूचना तुरंत खमतराई पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भ्रूण को यहां कौन और किन परिस्थितियों में छोड़कर गया।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर चिकित्सा और सामाजिक जिम्मेदारियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर इस संवेदनशील मामले के पीछे जिम्मेदार व्यक्ति तक कब और कैसे पहुंचा जाएगा।
