छुईखदान। जिला केसीजी में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक से मारपीट और लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में मुख्य आरोपी राहुल कुम्भकार सहित दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 300 रुपये की नगदी और घटना में प्रयुक्त चाकूनुमा लोहे की वस्तु बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी शत्रुहन यादव पिता विदेशी यादव, उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 03 जमातपारा, थाना छुईखदान, जिला केसीजी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 21 जून 2026 को वह शराब भट्ठी छुईखदान के पास मौजूद था।
तभी आरोपी राहुल कुम्भकार और दो अन्य विधि से संघर्षरत बालकों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे देने से मना करने पर तीनों ने एक राय होकर प्रार्थी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट के दौरान आरोपियों ने धारदार चाकूनुमा वस्तु से प्रार्थी के बाएं हाथ पर हमला किया, जिससे उसे चोट आई। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी की पैंट की जेब से 300 रुपये नगद निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। घटना की शिकायत पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 224/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 118(1), 119(1), 304(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित स्थानों पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई 300 रुपये की राशि और घटना में प्रयुक्त लोहे की चाकूनुमा वस्तु बरामद कर जप्त कर ली है। मुख्य आरोपी राहुल कुम्भकार पिता संतोष कुम्भकार, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15 टिकरीपारा, थाना छुईखदान को विधिवत गिरफ्तार कर 22 जून 2026 को माननीय जेएमएफसी न्यायालय छुईखदान में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे उपजेल सलोनी भेजा गया है। वहीं मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया गया है। पुलिस आगे की विवेचना कर रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई का संदेश गया है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
