नाबालिग को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार; पॉक्सो एक्ट के तहत भेजा गया जेल

Follow Us

धमतरी। धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में सिहावा थाना पुलिस ने किशोरी के गुम होने की सूचना मिलते ही गंभीरता से जांच शुरू की। लगातार खोजबीन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद किया।

विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ग्राम कौन्दकेरा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद निवासी 33 वर्षीय राकेश डहरिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी आरोपी की निशानदेही पर बरामद कर जब्त कर ली है। मामले में पीड़िता का न्यायालयीन बयान, एफएसएल परीक्षण और अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं जारी हैं। धमतरी पुलिस ने बताया कि महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक पॉक्सो एक्ट के 10 गंभीर मामलों में प्रभावी विवेचना और सशक्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को 20-20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा दिलाई जा चुकी है।