महाकाल से ओंकारेश्वर तक 5 दिन की यात्रा, IRCTC का एयर टूर पैकेज ₹35,100 से

Follow Us

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा करने की योजना बना रहे लोगों के लिए IRCTC का एक खास टूर पैकेज सामने आया है। ‘ज्योतिर्लिंग हेरिटेज एक्स चंडीगढ़’ नाम के इस हवाई पैकेज के तहत यात्रियों को उज्जैन, ओंकारेश्वर और महेश्वर की सैर कराई जाएगी। पांच दिन के इस टूर में महाकालेश्वर मंदिर की भस्म आरती में शामिल होने के साथ ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और महेश्वर के ऐतिहासिक घाटों को देखने का मौका मिलेगा। यह यात्रा 16 से 20 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित है। यात्रा की शुरुआत चंडीगढ़ से होगी और फ्लाइट के जरिए यात्री इंदौर पहुंचेंगे। वहां से उन्हें सड़क मार्ग से उज्जैन ले जाया जाएगा। पहले दिन होटल में चेक-इन के बाद महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे और रात उज्जैन में ही ठहरने की व्यवस्था होगी।

यात्रा के दूसरे दिन सुबह यात्रियों को महाकाल मंदिर की भस्म आरती में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके बाद बगलामुखी मंदिर, काल भैरव मंदिर और राम घाट जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। तीसरे दिन नाश्ते के बाद ओंकारेश्वर के लिए रवाना किया जाएगा, जहां रात रुकने की व्यवस्था मध्य प्रदेश टूरिज्म के होटल में होगी। चौथे दिन ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के बाद महेश्वर का रुख किया जाएगा। यहां नदी किनारे बने मंदिरों और ऐतिहासिक घाटों को देखने के साथ समय उपलब्ध होने पर माहेश्वरी साड़ियों की बुनाई भी देखी जा सकती है। इसके बाद यात्रियों को इंदौर ले जाया जाएगा, जहां रात का ठहराव होगा। पांचवें दिन सुबह होटल से चेक-आउट के बाद यात्रियों को इंदौर एयरपोर्ट पहुंचाया जाएगा और फ्लाइट से चंडीगढ़ वापसी होगी। IRCTC के अनुसार यात्रा कार्यक्रम और फ्लाइट टाइमिंग परिस्थितियों के अनुसार बदली जा सकती है।

पैकेज में चंडीगढ़-इंदौर-चंडीगढ़ की हवाई यात्रा, उज्जैन में दो रात, ओंकारेश्वर में एक रात और इंदौर में एक रात का होटल स्टे शामिल है। इसके अलावा चार दिन का नाश्ता और डिनर, स्थानीय भ्रमण के लिए 16-सीटर वाहन, यात्रा बीमा और जरूरी टैक्स भी पैकेज का हिस्सा हैं। हालांकि लंच, मंदिरों या पर्यटन स्थलों की प्रवेश फीस, घर से चंडीगढ़ एयरपोर्ट तक आने-जाने का खर्च, फ्लाइट में भोजन, गाइड फीस, टिप और निजी खर्च यात्रियों को स्वयं उठाने होंगे। पैकेज की कीमत अकेले रहने पर ₹46,670, दो लोगों के साथ शेयरिंग पर ₹35,100 और तीन लोगों के साथ रहने पर ₹33,320 प्रति व्यक्ति बताई गई है। 5 से 11 वर्ष के बच्चे के लिए शुल्क ₹28,440 और 2 से 4 वर्ष के बच्चे के लिए ₹19,790 है।