बलौदाबाजार। कलेक्टर जनदर्शन अब सिर्फ समस्याओं के समाधान का मंच नहीं, बल्कि संवेदनशील प्रशासन की मिसाल भी बनता जा रहा है। मंगलवार को आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने दृष्टिबाधित दिव्यांग युवक पीतांबर बंजारे को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लैपटॉप प्रदान किया।
ग्राम लरिया निवासी 23 वर्षीय पीतांबर जन्म से ही दृष्टिबाधित हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शासकीय दृष्टिहीन एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय, मठपुरैना से 12वीं की पढ़ाई पूरी की और रायपुर के दुर्गा महाविद्यालय से बीए अंतिम वर्ष उत्तीर्ण किया। अब वे एमए में प्रवेश लेने के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
पीतांबर की लगन, शैक्षणिक उपलब्धियों और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए कलेक्टर ने सीएसआर मद से उन्हें लैपटॉप उपलब्ध कराया। लैपटॉप मिलने पर पीतांबर ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें ऑनलाइन अध्ययन सामग्री तक पहुंचने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस सहयोग के लिए जिला प्रशासन और कलेक्टर कुलदीप शर्मा का आभार व्यक्त किया।
