बिलासपुर पुलिस ने चेन स्नेचिंग गिरोह का किया पर्दाफाश, उड़ीसा के अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

बिलासपुर। बिलासपुर में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले उड़ीसा के अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तोरवा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग वारदातों के खुलासे के बाद की गई है। पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को तोरवा थाना क्षेत्र के शिवधाम कॉलोनी में एक महिला अपने घर के बाहर साफ-सफाई कर रही थी, तभी स्कूटी सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में बिना नंबर की नीली स्कूटी पर संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। इसी तरह सिरगिट्टी क्षेत्र में भी एक महिला के साथ मारपीट कर चेन लूटने की घटना सामने आई, जिसके बाद दोनों मामलों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई गई।

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गणेश नगर, सिरगिट्टी में दबिश देकर नवीन साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह उड़ीसा से अपने साथियों को बिलासपुर बुलाकर एक ठिकाने पर ठहराता था और सभी मिलकर चेन स्नैचिंग व लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में तीन अलग-अलग महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग और लूट की वारदातें की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शिव सिंह (28), शक्ति प्रसाद (20), नवीन साहू (32), प्रमोद सिंह (30), अतुल मुंडा (18) और बसंता खड़िया (20) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद स्कूटी भी जब्त कर ली है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह उड़ीसा से आकर विभिन्न राज्यों में सक्रिय रहता था और स्थानीय सहयोगियों की मदद से महिलाओं को निशाना बनाता था। गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले में तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के नेटवर्क और उनके संपर्कों की गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे गिरोह को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से शहर में लगातार हो रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर बड़ी रोक लगेगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क है और ऐसे अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति या बाहरी लोग रह रहे हों तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह के अंतर्राज्यीय गिरोहों पर सख्ती से लगाम लगेगी।