जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और परीक्षा सुधारों की मांग पर तीसरे दिन भी अड़े प्रदर्शनकारी

Follow Us

नई दिल्ली। परीक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहा प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन में शामिल छात्र, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता सरकार से शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि, परीक्षा में बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि, मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को खराब व्यवस्था का खामियाजा भुगतना पड़ता है। आंदोलनकारियों ने मांग की है कि, पेपर लीक मामलों में जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और परीक्षा प्रणाली में बड़े सुधार किए जाएं।

धरना स्थल पर सुबह से ही छात्रों और समर्थकों की भीड़ जुट रही है। आयोजकों का कहना है कि, यह आंदोलन किसी एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा है। प्रदर्शन के दौरान कैंडल लाइट मार्च निकालने की भी घोषणा की गई है। आयोजकों का दावा है कि, इसमें बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल होंगे। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा है कि, जब तक उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।