भाजपा नेता हत्याकांड के बाद सख्ती: रात में रेत भंडारण की जांच करने उतरी संयुक्त टीम, ड्रोन से हुई निगरानी

Follow Us

रायपुर। कोरिया जिले में रेत उत्खनन विवाद से जुड़े भाजपा नेता की हत्या के बाद अब प्रशासन अवैध रेत खनन और भंडारण को लेकर सख्त नजर आ रहा है। सरकार के निर्देश पर केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला स्तरीय टीम ने रात में अचानक कई इलाकों का निरीक्षण कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संयुक्त टीम ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के केल्हारी क्षेत्र में दंडाहस्वाही स्थित केवाई नदी, पसौरी, कुटरा और हसदेव नदी क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान स्वीकृत अस्थाई रेत भंडारण स्थलों की गहन जांच की गई। टीम ने ड्रोन सर्वे के जरिए मौके पर मौजूद रेत की मात्रा का आकलन भी किया।

अधिकारियों के अनुसार, राज्य के अलग-अलग जिलों में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण वाले संभावित क्षेत्रों की पहचान की जा रही है। इसके लिए आधुनिक तकनीक और ड्रोन निगरानी का सहारा लिया जा रहा है, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। जांच के दौरान कुछ भंडारणकर्ताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। प्रशासन का कहना है कि, अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।