रायपुर। राजधानी के व्यस्त गोलबाजार इलाके में चेन चोरी की एक घटना सामने आई है। खरीदारी करने पहुंची एक महिला मीडियाकर्मी की बच्ची के गले से अज्ञात महिला ने सोने की चेन पार कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति और बच्ची के साथ गोलबाजार में खरीदारी करने पहुंची थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात महिला ने बच्ची के गले में पहनी सोने की चेन निकाल ली और मौके से फरार हो गई। बताया जा रहा है कि चोरी हुई चेन का वजन करीब एक तोला था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध महिला बच्ची के गले से चेन उतारते हुए दिखाई दे रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामला गोलबाजार थाना क्षेत्र का है। पुलिस संदिग्ध महिला की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी महिला की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। भीड़भाड़ वाले बाजारों में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और बच्चों व कीमती सामान पर विशेष नजर रखने की अपील की है।
