मेकाहारा में भर्ती मरीज के परिजन के बैग से 50 हजार रुपये चोरी, महिला ने लगाई मदद की गुहार

Follow Us

रायपुर। राजधानी के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। बीमार पति के इलाज के लिए अस्पताल पहुंची एक महिला के बैग से अज्ञात चोरों ने 50 हजार रुपये पार कर दिए। घटना के बाद महिला अस्पताल चौकी में बैठकर रोती-बिलखती नजर आई। जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति के उपचार के लिए मेकाहारा पहुंची थी, जहां उसका पति इमरजेंसी वार्ड में भर्ती है। इसी दौरान किसी समय उसके बैग में रखी 50 हजार रुपये की नकदी चोरी हो गई। जब महिला को पैसे गायब होने की जानकारी मिली तो उसने अस्पताल चौकी में शिकायत की।

घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी, निजी सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारी और अन्य सुरक्षा इंतजाम मौजूद होने के बावजूद चोरी की वारदात होना चिंता का विषय माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि मेकाहारा में इससे पहले भी चोरी और लूटपाट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ महीने पहले अस्पताल परिसर में एक मरीज के परिजन से लूट की घटना हुई थी, जबकि पिछले वर्ष भी एक अन्य परिजन का पर्स चोरी हो गया था।

महिला की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। वहीं, अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों से भी अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग उठने लगी है।