ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: प्रेम विवाद में महिला की हत्या, शव जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश; आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। पूंजीपथरा पुलिस ने जली हुई महिला की लाश मिलने के मामले में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतिका के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने विवाद के बाद महिला की गला घोंटकर हत्या की और पहचान छिपाने के लिए शव को पेट्रोल डालकर जला दिया था।

जानकारी के अनुसार, 17 जून को तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले रास्ते पर एक अधेड़ महिला का जला हुआ शव मिला था। शव के पास घसीटने के निशान और अन्य सबूत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सबसे बड़ी चुनौती मृतिका की पहचान और आरोपी तक पहुंचना था। पुलिस ने तकनीकी जांच और सोशल मीडिया के जरिए मृतिका की पहचान मंगरिता एक्का (60 वर्ष) निवासी जशपुर के रूप में की। जांच में सामने आया कि वह पूंजीपथरा क्षेत्र में मजदूरी करती थी और आरोपी इमिलीयूस तिग्गा के साथ किराए के मकान में रह रही थी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसने साड़ी से गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पेट्रोल की बोतल, माचिस और कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।