‘गलत उम्मीदवार चुनना मेरी सबसे बड़ी भूल’, उद्धव ठाकरे ने कार्यकर्ताओं से मांगी माफी, बागियों पर बोला तीखा हमला

Follow Us

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में जारी सियासी हलचल के बीच शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पार्टी में हुई टूट और नेताओं के लगातार पलायन को लेकर पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी जिम्मेदारी स्वीकार की है। मुंबई के भांडुप में आयोजित एक विशाल रैली में उन्होंने कार्यकर्ताओं से माफी मांगते हुए कहा कि कुछ नेताओं को टिकट देना उनकी बड़ी गलती थी। उद्धव ठाकरे ने भावुक अंदाज में कहा कि, कार्यकर्ताओं ने उनके कहने पर उम्मीदवारों को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन बाद में वही नेता पार्टी छोड़कर चले गए। उन्होंने कहा, “गलत लोगों को उम्मीदवार बनाना मेरी चूक थी। इसके लिए मैं शिवसैनिकों और मतदाताओं से माफी मांगता हूं।”

रैली के दौरान ठाकरे ने बागी नेताओं, बीजेपी और केंद्रीय नेतृत्व पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, शिवसेना को कमजोर करने और तोड़ने की सबसे बड़ी कोशिश की गई, लेकिन पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं ने संगठन की मशाल को बुझने नहीं दिया। भीड़ की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, “मेरे सामने सिर्फ शिवसैनिक नहीं, बल्कि जलती हुई मशालें खड़ी हैं।” हाल ही में शिवसेना (UBT) के कुछ सांसदों के शिंदे गुट में जाने की खबरों के बीच ठाकरे का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि, शिवसेना केवल बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा और मराठी अस्मिता की विरासत है, और इसका नेतृत्व कौन करेगा, यह कोई बाहरी ताकत तय नहीं कर सकती।