ब्रिटिश पीएम पर ट्रंप का बड़ा हमला, बोले- ‘इस्तीफा तय’, इमिग्रेशन और एनर्जी नीति पर उठाए सवाल

Follow Us

वॉशिंगटन/लंदन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने तीखे बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उनके निशाने पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर आए हैं। ट्रंप ने दावा किया कि, स्टारमर जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं, क्योंकि वे इमिग्रेशन और ऊर्जा नीति जैसे अहम मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने कहा कि, ब्रिटेन की मौजूदा सरकार देश की प्रमुख चुनौतियों का प्रभावी समाधान नहीं कर पा रही है। उन्होंने विशेष रूप से बढ़ते इमिग्रेशन और ऊर्जा संकट का उल्लेख करते हुए स्टारमर के नेतृत्व पर सवाल खड़े किए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि, वे स्टारमर के भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि, हाल के महीनों में ट्रंप और स्टारमर के बीच राजनीतिक मतभेद लगातार बढ़े हैं। दोनों नेताओं के बीच विदेश नीति, रक्षा सहयोग और मध्य-पूर्व से जुड़े मुद्दों पर कई बार अलग-अलग राय सामने आई है। हाल ही में ईरान को लेकर ट्रंप की कड़ी चेतावनी पर स्टारमर ने सार्वजनिक रूप से असहमति जताई थी, जिसके बाद दोनों नेताओं के रिश्तों में और तनाव देखने को मिला। ट्रंप इससे पहले भी कई वैश्विक नेताओं पर खुलकर टिप्पणी कर चुके हैं। उनके बयानों को लेकर अक्सर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में बहस छिड़ जाती है। अब ब्रिटिश प्रधानमंत्री को लेकर दिए गए उनके ताजा बयान ने एक बार फिर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है।