NSUI नेताओं पर वसूली का गंभीर आरोप, कथित VIDEO हुआ वायरल

Follow Us

रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने अभनपुर में कांग्रेस के 10 दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया वहीं छात्र राजनीति की साख को बट्टा लगाने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) के दो बड़े पदाधिकारियों पर पद का धौंस दिखाकर आर्थिक लेन-देन करने और दबाव बनाकर अवैध लाभ उठाने के संगीन आरोप लगे हैं। मामले से जुड़े कुछ कथित वीडियो साक्ष्य भी सामने आने का दावा किया जा रहा है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, NSUI के जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर खान और उत्तर विधानसभा उपाध्यक्ष आशीष बाजपेयी इस पूरे विवाद के केंद्र में हैं। आरोप है कि इन पदाधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सामने वाले पक्ष पर अनुचित दबाव बनाया। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर वायरल हो रहे कथित साक्ष्यों के आधार पर यह दावा किया जा रहा है कि इस मामले में मोटी रकम का खेल चल रहा था। सामने आई रिकॉर्डिंग के मुताबिक, मामले को रफा-दफा करने के एवज में कथित रूप से ₹50,000 (पचास हजार रुपये) की मांग की गई थी।