बालको की स्वास्थ्य पहल से बदली तस्वीर: 1.2 लाख लोगों तक पहुंचीं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, गांवों में पहुंची इलाज की नई उम्मीद

Follow Us

कोरबा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की पहल लगातार सकारात्मक बदलाव ला रही है। मोबाइल हेल्थ वैन (MHV) और प्रोजेक्ट आरोग्य के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2026 में करीब 1.2 लाख लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिला है। दूरदराज के गांवों में जहां लोगों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहां अब डॉक्टरों की सलाह, जांच और उपचार की सुविधा उनके घर के करीब उपलब्ध हो रही है। पाढ़ीमार गांव की 60 वर्षीय फूलमणि एक्का इसकी मिसाल हैं, जिन्हें गठिया और जोड़ों के दर्द के कारण परेशानी थी। मोबाइल हेल्थ वैन की मदद से उन्हें नियमित उपचार और फिजियोथेरेपी की सुविधा मिल रही है।

बालको की मोबाइल हेल्थ वैन आसपास के 70 गांवों में नियमित रूप से पहुंचती है। इसमें 40 से अधिक प्रकार की जांच और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं। वित्तीय वर्ष 2026 में इससे 27 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिला। वहीं प्रोजेक्ट आरोग्य के तहत स्वास्थ्य जागरूकता, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया नियंत्रण और गंभीर बीमारियों की रोकथाम पर काम किया जा रहा है। इस पहल से 93 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। बालको की यह पहल ग्रामीण समुदायों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और स्वस्थ व सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।