बंगाल कांग्रेस में बड़ा बदलाव: जुल्फिकार अली को मिली कमान, मोताब शेख बने विधायक दल के उपनेता

Follow Us

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बढ़ती हलचल के बीच कांग्रेस ने विधानसभा में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नए नेता और उपनेता के नामों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद मुर्शिदाबाद के रानीनगर से विधायक जुल्फिकार अली को विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है, जबकि फरक्का से विधायक मोताब शेख को उपनेता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जुल्फिकार अली लंबे समय से क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय हैं और उन्होंने विधानसभा चुनाव में टीएमसी उम्मीदवार को हराकर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने उन्हें पार्टी के नए चेहरे के तौर पर आगे बढ़ाने का फैसला किया है।

वहीं मोताब शेख भी मुर्शिदाबाद क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार को हराकर विधानसभा में जगह बनाई थी। हाल ही में उनका नाम मतदाता सूची से हटने को लेकर भी चर्चा में रहा था, लेकिन बाद में कानूनी प्रक्रिया के जरिए उनका नाम दोबारा शामिल किया गया। कांग्रेस का यह कदम आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। 2021 के विधानसभा चुनाव में खाता नहीं खोल पाने वाली कांग्रेस ने इस बार दो सीटों पर जीत दर्ज की है और दोनों विधायकों को बड़ी जिम्मेदारी देकर संगठन को मजबूत करने की कोशिश शुरू कर दी है।