अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर धमतरी पुलिस का विशेष आयोजन, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

Follow Us

धमतरी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस द्वारा रक्षित केंद्र में भव्य योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक तथा भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। योग शिविर में आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या कु. रूची साहू ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, ध्यान तथा श्वसन संबंधी अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान योग के वैज्ञानिक, स्वास्थ्यवर्धक और मानसिक लाभों की भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।

प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और सकारात्मक बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में सहभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। उल्लेखनीय है कि पुलिस लाइन रूद्री में बीते एक वर्ष के दौरान यह दसवां योग जागरूकता एवं अभ्यास प्रशिक्षण शिविर रहा, जबकि सूजय मंडल और रूची साहू द्वारा संचालित यह चौथा विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन और आत्मा को संतुलित करने का भी प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बढ़ते मानसिक तनाव और अवसाद जैसी समस्याओं के बीच योग की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रतिदिन योग करने का आग्रह करते हुए कहा कि यदि समय की कमी हो तो कम से कम 15 मिनट अनुलोम-विलोम अवश्य करें। उन्होंने ‘करो योग, रहो निरोग’ का संदेश देते हुए सभी को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।