नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में देर रात एक फर्नीचर दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। संजय गांधी अस्पताल के पीछे स्थित ऑटो मार्केट के पास लगी इस आग में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने दुकान से उठती तेज लपटें और धुएं का गुबार देखा, जिसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दुकान में बड़ी मात्रा में लकड़ी और फर्नीचर का सामान रखा था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। दमकल कर्मियों ने घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया और इसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया।
गनीमत रही कि हादसा देर रात हुआ, जब बाजार बंद था और वहां लोगों की आवाजाही कम थी। इस वजह से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। इस हादसे ने बाजारों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
