श्रीनगर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शुक्रवार को तीन दिवसीय दौरे पर केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख पहुंचे। इस दौरान वह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे और कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। लेह के कुशोक बकुला रिनपोछे एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति का स्वागत लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया। इस मौके पर लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद कारगिल के मुख्य कार्यकारी पार्षद डॉ. मोहम्मद जाफर अखून और लोकसभा सांसद मोहम्मद हनीफा भी मौजूद रहे।
अधिकारियों के अनुसार, योग दिवस कार्यक्रम में युवा, सुरक्षाबलों के जवान और विभिन्न संगठनों के सदस्य हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के जरिए स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक-शारीरिक संतुलन का संदेश देना है। उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान वह 20 जून को सीमावर्ती गांव लुकुंग भी जाएंगे। यहां वह स्थानीय स्वयं सहायता समूहों से संवाद करेंगे और ‘वाइब्रेंट विलेजेज’ कार्यक्रम के तहत सीमा क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वह युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ उम्र बढ़ाने के लिए योग’ रखी गई है। देशभर में योग दिवस को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
