मुंगेली। वनमंडल के लोरमी वन परिक्षेत्र में दो तेंदुओं के बीच हुए संघर्ष में एक तेंदुए की मौत हो गई, जबकि दूसरा तेंदुआ घायल अवस्था में जंगल की ओर चला गया। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कक्ष क्रमांक 1529 पीएफ के सामान्य वन क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 7 बजे कंचनपुर बेरियर के चौकीदार ने तेंदुए का शव देखा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरी रात शव की सुरक्षा एवं निगरानी की व्यवस्था की गई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार शाम के समय जंगल में दो तेंदुओं के बीच तेज आवाजें सुनाई दी थीं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि यह संघर्ष क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर हुआ होगा। हालांकि वन विभाग ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों के मुताबिक घायल तेंदुआ अभी तक ट्रेस नहीं हो पाया है और उसकी तलाश जारी है। वहीं मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम कानन पेंडारी में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और मामले की जांच जारी है।
