महासमुंद। जिले के पिथौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लहरौद में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक 13 वर्षीय बालिका द्वारा कथित रूप से फिनाइल पीने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई रोककर वापस लौटने का फैसला किया।जानकारी के अनुसार, तहसीलदार मोहित कुमार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम शासकीय भूमि पर बने निर्माणों को हटाने पहुंची थी। इसी दौरान योगेश निषाद की पुत्री मालती ने मकान नहीं तोड़ने की गुहार लगाई। परिजनों का आरोप है कि बात नहीं सुने जाने से आहत होकर बालिका ने फिनाइल पी लिया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई रोक दी। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे करीब 45 वर्षों से उक्त भूमि पर निवास कर रहे हैं और उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की स्वीकृति भी मिली थी। परिवार ने यह भी दावा किया कि भूमि विवाद का मामला न्यायालय में लंबित है। वहीं, ग्राम पंचायत के उपसरपंच ने कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। दूसरी ओर तहसीलदार मोहित कुमार ने कहा कि बेदखली आदेश के पालन में कार्रवाई की जा रही थी और पूरे मामले की जांच की जाएगी।
