नगरीय प्रशासन विभाग में बड़ा फेरबदल: 15 CMO के तबादले, निलंबित अधिकारी बहाल, कर्मचारी पर गिरी गाज

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में बड़े प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत राज्य की विभिन्न नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में पदस्थ 15 मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO) का तबादला किया गया है। इस फैसले को नगरीय निकायों में प्रशासनिक कसावट और कार्यप्रणाली में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जारी आदेश के अनुसार, विभाग ने एक निलंबित सीएमओ को बहाल करते हुए नई पदस्थापना भी दी है। किरण पटेल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (ग वर्ग), को निलंबन से राहत देते हुए नगर पंचायत बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है। हालांकि, उनके खिलाफ चल रही विभागीय जांच जारी रहेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

विभाग ने स्पष्ट किया है कि, बहाली का अर्थ जांच का समापन नहीं है। संबंधित अधिकारी के निलंबन अवधि के संबंध में अंतिम निर्णय विभागीय जांच के निष्कर्षों के आधार पर अलग से लिया जाएगा। इसके अलावा एक सहायक राजस्व अधिकारी को भी निलंबन से बहाल कर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, विभागीय कार्यों में अनियमितता और प्रशासनिक कारणों के चलते एक कर्मचारी को निलंबित किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के बाद नगरीय निकायों में नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों की कार्यशैली और विभागीय व्यवस्था पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।