धमतरी। एम्बुलेंस चालक के साथ दुर्व्यवहार और आपातकालीन चिकित्सा सेवा में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना उमरदा गौठान के पास हुई, जहां सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु की सूचना पर वंदे मातरम परिवार समिति की एम्बुलेंस (क्रमांक CG 05 15001) मौके पर पहुंची थी।आरोप है कि एम्बुलेंस के देर से पहुंचने को लेकर वहां मौजूद कुछ लोगों ने चालक राधेश्याम निर्मलकर से विवाद किया और गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और एम्बुलेंस वाहन में तोड़फोड़ कर दी, जिससे सामने का शीशा, बोनट सहित कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कुरूद में मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित चिकित्सा सेवा संस्थान संरक्षण अधिनियम 2010 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। जांच के दौरान गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण, वीडियो फुटेज और शिनाख्ती कार्रवाई के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपियों में रमन दीवान (30), तामेश्वर पटेल (33) और फनेन्द्र उर्फ विक्की चंद्राकर (25) शामिल हैं।
