रायपुर में ANTF की बड़ी कार्रवाई: 2.45 लाख रुपये का गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 4 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.45 लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, टीआई सुनील दास के नेतृत्व में ANTF टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुरा क्षेत्र स्थित आरोग्यधाम अस्पताल के पीछे अग्रोहा कॉलोनी के एक खाली मैदान में एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान चन्द्रमणी सूर्यवंशी (29 वर्ष) के रूप में हुई, जो मूल रूप से ग्राम रिकोकला, थाना कसडोल, जिला बलौदाबाजार का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के डी.डी. नगर क्षेत्र में रह रहा था। तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मादक पदार्थ को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने पर गांजा का कुल वजन 4 किलो 910 ग्राम पाया गया। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में इस मामले के पीछे बड़े नेटवर्क के जुड़े होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस पूरे सप्लाई चेन की जांच कर रही है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी अभियान की महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।