सुशासन तिहार में बड़ा हादसा: कार्यक्रम के बीच अचानक गिरा विशाल पीपल का वृक्ष, बच्चे समेत 7 लोग घायल

Follow Us

गरियाबंद। जिले के खरहरी गांव में आयोजित सुशासन तिहार शिविर उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब कार्यक्रम स्थल के पास खड़ा एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और कार्यक्रम तुरंत रोकना पड़ा। जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम देखने के लिए कुछ लोग पेड़ पर चढ़े हुए थे। इसी दौरान पेड़ अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 2 बच्चों सहित 7 लोग घायल हो गए। हादसे में कई लोगों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुछ को फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है।

घटना के वक्त जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और कलेक्टर भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। हादसे के तुरंत बाद कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सुशासन तिहार शिविर को तत्काल स्थगित करने के निर्देश दिए। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है। चिकित्सकों के मुताबिक सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसे में एक छोटा हाथी वाहन भी पेड़ के नीचे दबकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे ने कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।