नक्सलियों की बड़ी साजिश ध्वस्त: कांकेर के जंगलों से भारी मात्रा में बारूद- हथियार बरामद

Follow Us

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल मोर्चे पर एक बार फिर बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कोयलीबेड़ा और परतापुर थाना क्षेत्र के जंगलों में चलाए गए दो अलग-अलग ऑपरेशनों में जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए दो बड़े डंप (नक्सली ठिकाने) बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में जिंदा कारतूस, हथियार और टिफिन आईईडी (IED) बरामद कर तबाही की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।

यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस, डीआरजी (DRG), बीएसएफ (BSF) और बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पहली सफलता कांकेर-नारायणपुर सीमा पर स्थित गुमचूर के जंगलों में मिली। यहां जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए डंप से जवानों ने नक्सली साहित्य के साथ .303 राइफल के 42 राउंड, एसएलआर के 75 राउंड, 5.56 राइफल के 21 राउंड, दो एसएलआर मैगजीन फिलर और 6 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर जब्त किए।

वहीं दूसरी कार्रवाई ग्राम पदालमस्पी के पहाड़ी जंगलों में हुई। सर्चिंग के दौरान डीआरजी और बीडीएस की टीम ने एक और नक्सल डंप का भंडाफोड़ किया। यहां से जवानों को एक देसी पिस्टल, 2 किलो वजनी बेहद खतरनाक टिफिन आईईडी, वायर, बैटरी और एक पावर कंट्रोलर मिला है।

सुरक्षाबलों के मुताबिक, नक्सल प्रभावित सीमावर्ती इलाकों में लगातार चलाए जा रहे संयुक्त एंटी-नक्सल ऑपरेशन के कारण बैकफुट पर आए नक्सली भारी नुकसान के डर से अपने हथियारों को जंगलों में छिपा रहे हैं। फिलहाल, जवानों की इस मुस्तैदी से इलाके में किसी बड़ी अप्रिय घटना को समय रहते टाल दिया गया है और सर्चिंग तेज कर दी गई है।