धमतरी। जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। आग बुझाने के लिए तेजी से रवाना हुई फायर ब्रिगेड की गाड़ी रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि, वाहन चला रहे चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना दुगली थाना क्षेत्र के गट्टासिल्ली मोड़ के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, नगरी से अग्निशमन दल को बागतराई इलाके में लगी आग बुझाने के लिए भेजा गया था। टीम तेजी से घटनास्थल की ओर बढ़ रही थी, तभी गट्टासिल्ली मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े एक तूफान वाहन से फायर ब्रिगेड की गाड़ी जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि, दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में फायर ब्रिगेड वाहन चला रहे नगरी निवासी फलेंद्र साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं वाहन में मौजूद कंडक्टर राजू साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और आपातकालीन वाहनों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
