नई दिल्ली। टेनिस के महाकुंभ ‘फ्रेंच ओपन’ (रोलांड गैरोस) का आगाज होते ही सर्बिया के महान खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों से दर्ज करा लिया है। टूर्नामेंट के पहले दौर के मुकाबले में जोकोविच ने कोर्ट पर कदम रखते ही स्विट्जरलैंड के दिग्गज रोजर फेडरर का एक बड़ा और ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। 39 वर्षीय जोकोविच अब पुरुषों की श्रेणी में किसी भी ग्रैंड स्लैम के ‘मेन ड्रॉ’ में सबसे ज्यादा बार हिस्सा लेने वाले दुनिया के इकलौते खिलाड़ी बन गए हैं। यह उनके करियर की रिकॉर्ड 82वीं ग्रैंड स्लैम उपस्थिति है, जबकि महान रोजर फेडरर ने अपने करियर में 81 बार यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके साथ ही जोकोविच फ्रेंच ओपन में 22वीं बार हिस्सा लेकर फ्रांस के रिचर्ड गैस्केट की बराबरी करते हुए संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद जोकोविच ने खेल के मैदान पर भी अपना जलवा बिखेरा। पहले दौर के रोमांचक मुकाबले में फ्रांस के खिलाड़ी जियोवानी एम्पेटशी पेरिकार्ड के खिलाफ पहला सेट 5-7 से गंवाने के बाद सर्बियाई स्टार ने शानदार वापसी की। उन्होंने अगले तीन सेटों में विरोधी खिलाड़ी को टिकने नहीं दिया और 7-5, 6-1, 6-4 से मैच जीतकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
वर्ष 2016, 2021 और 2023 के फ्रेंच ओपन चैंपियन जोकोविच इस बार अपने चौथे रोलैंड गैरोस खिताब और करियर के 25वें ग्रैंड स्लैम को जीतने के इरादे से उतरे हैं। हालांकि 2023 यूएस ओपन के बाद से उन्होंने कोई बड़ा खिताब नहीं जीता है, लेकिन उनका मौजूदा फॉर्म शानदार है। उनके नाम फ्रेंच ओपन में पहले से ही सबसे ज्यादा 119 मैच खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है, जो उन्होंने पिछले साल राफेल नडाल (116 मैच) को पीछे छोड़कर बनाया था। जोकोविच का यह रिकॉर्डतोड़ सफर टेनिस इतिहास के एक नए युग की गवाही दे रहा है।
