आईपीएल 2026 प्लेऑफ का बिगुल बजा: 26 मई से शुरू होगी खिताबी जंग, जानें क्वालीफायर, एलिमिनेटर और फाइनल का पूरा शेड्यूल

Follow Us

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लीग चरण की समाप्ति के साथ ही प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है। इस बार रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB), गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने अंतिम चार में जगह बनाई है। दिलचस्प बात यह है कि ये चारों टीमें पहले भी एक-एक बार आईपीएल का खिताब जीत चुकी हैं, यानी इस सीजन में जो भी बाजी मारेगा, वह दूसरी बार चैंपियन बनेगा। अंक तालिका में आरसीबी, गुजरात और हैदराबाद तीनों के 18-18 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण आरसीबी शीर्ष पर है। वहीं, राजस्थान 16 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही। दूसरी ओर, पंजाब, दिल्ली, केकेआर, चेन्नई, मुंबई और लखनऊ का सफर लीग स्टेज में ही खत्म हो गया।

अब 26 मई से प्लेऑफ का रोमांच शुरू होने जा रहा है, जिसमें फाइनल समेत कुल चार मुकाबले खेले जाएंगे। टेबल टॉपर आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच 26 मई (मंगलवार) को धर्मशाला में पहला क्वालीफायर खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल का टिकट कटाएगी, जबकि हारने वाली टीम को क्वालीफायर-2 के रूप में एक और मौका मिलेगा।

इसके बाद, 27 मई (बुधवार) को चंडीगढ़ में तीसरे नंबर की हैदराबाद और चौथे नंबर की राजस्थान रॉयल्स के बीच नॉकआउट एलिमिनेटर मुकाबला होगा। इस मैच में हारने वाली टीम का सफर तुरंत समाप्त हो जाएगा, जबकि विजेता टीम क्वालीफायर-2 में पहुंचेगी। क्वालीफायर-1 की उपविजेता और एलिमिनेटर की विजेता टीम के बीच 29 मई (शुक्रवार) को चंडीगढ़ में ही क्वालीफायर-2 मैच खेला जाएगा। इसके बाद, टूर्नामेंट का महामुकाबला यानी ग्रैंड फिनाले 31 मई (रविवार) को अहमदाबाद के ऐतिहासिक नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। प्लेऑफ के सभी मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होंगे, जिनका लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और डिजिटल स्ट्रीमिंग जियो स्टार (JioStar) पर देखा जा सकेगा।