मुंबई। टीवी की मशहूर ‘किन्नर बहू’ यानी रुबीना दिलैक इन दिनों अपनी जुड़वां बेटियों जीवा और ईधा की परवरिश को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं का सामना कर रही हैं। दरअसल, रुबीना की दोनों बेटियां फिलहाल शिमला में उनके नाना-नानी के पास रह रही हैं, जबकि रुबीना मुंबई में अपने काम में व्यस्त हैं। इस बात को लेकर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए कि सीनियर सिटीजन हो चुके माता-पिता को इस उम्र में पोतियों की जिम्मेदारी देने के बजाय अपनी जिंदगी का आनंद लेना चाहिए। अब रुबीना ने इन सभी ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब देते हुए बुजुर्गों के ‘रिटायरमेंट’ की रूढ़िवादी सोच पर अपनी बेबाक राय रखी है।

रुबीना ने कहा कि समाज में यह एक गलत धारणा बन चुकी है कि दादा-दादी या नाना-नानी को एक उम्र के बाद पूरी तरह रिटायर होकर बच्चों से अलग अपनी जिंदगी जीनी चाहिए। अभिनेत्री के मुताबिक, उनके माता-पिता और सास-ससुर इस सोच से पूरी तरह असहमत हैं और वे अपनी मर्जी व खुशी से बच्चों की देखभाल में मदद कर रहे हैं। रुबीना ने भावुक होते हुए बताया कि उनकी मां का कहना है कि जब वे जीवा और ईधा की आंखों में देखती हैं, तो उन्हें लगता है कि उन्हें एक नई जिंदगी और जीने का नया मकसद मिल गया है। इसके साथ ही रुबीना ने अपने पति अभिनव शुक्ला और लुधियाना में रहने वाले अपने ससुराल वालों की भी जमकर तारीफ की, जो जरूरत पड़ने पर हमेशा बच्चों को संभालने मुंबई आ जाते हैं। रुबीना ने साफ किया कि जब उनका पूरा परिवार इस व्यवस्था से बेहद खुश है, तो उन्हें बाहरी लोगों की फिजूल की बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता।
