नई दिल्ली। अगर अगले हफ्ते आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है, तो अभी अलर्ट हो जाइए। बकरीद की छुट्टियों और SBI कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के कारण कई राज्यों में बैंकिंग सेवाएं लगातार कई दिनों तक प्रभावित हो सकती हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के छुट्टियों के कैलेंडर के अनुसार 26 से 28 मई तक अलग-अलग राज्यों में बैंक बंद रहेंगे, जबकि SBI स्टाफ यूनियन ने 25 और 26 मई को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। 26 मई को काजी नजरुल इस्लाम जयंती के कारण दिल्ली, रायपुर, कोलकाता, लखनऊ, हैदराबाद समेत कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे। वहीं 27 मई को जम्मू और श्रीनगर में बकरीद की छुट्टी रहेगी। 28 मई को ईद-उल-अजहा के मौके पर देश के अधिकांश बड़े शहरों में बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी।
इसके अलावा 23 मई को चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार होने से छुट्टियों की लंबी श्रृंखला बन सकती है। यदि SBI की हड़ताल होती है, तो ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यूनियन नई भर्तियों में देरी, आउटसोर्सिंग और एचआरएमएस से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध कर रही है। हालांकि राहत की बात यह है कि, UPI, नेट बैंकिंग, IMPS, NEFT और ATM सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी। इसलिए ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि शाखा जाने से पहले छुट्टियों और हड़ताल की स्थिति जरूर जांच लें और डिजिटल बैंकिंग का ज्यादा इस्तेमाल करें।
