स्व-सहायता समूह की दीदियों के हुनर को मिला बाजार, कलेक्ट्रेट में सजा स्थानीय उत्पादों का स्टॉल

Follow Us

0 सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की पहल

बीजापुर । सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोडऩे और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कलेक्ट्रेट परिसर में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों का आकर्षक स्टॉल लगाया गया। स्टॉल में महिलाओं ने स्थानीय संसाधनों और अपने कौशल से तैयार विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पहुंचने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने स्टॉल का अवलोकन कर महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की। इस पहल से समूह की महिलाओं को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने और बिक्री के नए अवसर तलाशने का मंच मिला। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अब बचत और ऋण गतिविधियों के साथ विभिन्न आजीविकामूलक कार्यों से जुड़कर उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए स्टॉल के माध्यम से उन्हें अपने उत्पाद प्रदर्शित करने, ग्राहकों से सीधे संवाद करने और बाजार की मांग को समझने का अवसर मिला। स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक ज्ञान और महिलाओं के कौशल से तैयार उत्पादों को शासकीय कार्यालयों, स्थानीय आयोजनों, मेलों और सार्वजनिक मंचों पर प्रदर्शित करने से उनकी पहचान और बिक्री की संभावनाएं बढ़ रही हैं। इससे उपभोक्ताओं को भी स्थानीय स्तर पर तैयार गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की जानकारी मिल रही है। जिला प्रशासन की ओर से ऐसे प्रयासों के माध्यम से स्व-सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। महिलाओं के उत्पादों को बाजार से जोडऩे की पहल से उनकी आय बढ़ाने के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास को मजबूत करने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।