छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी तपिश! उमस और गर्मी से बेहाल लोग, कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हवा में नमी की वजह से दिनभर चिपचिपी गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि, प्रदेश के मध्य और उत्तर हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों के दौरान हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है और रोजाना करीब एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मंगलवार को कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई, लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिल पाई। बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। फिलहाल मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन मई के अंतिम दिनों में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में तेज धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।