कार में घूम-घूमकर बेच रहे थे MDMA ड्रग्स, बिलासपुर पुलिस ने दबोचे दो तस्कर

Follow Us

बिलासपुर। जिले में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उन तस्करों को पकड़ा, जो कार में घूमकर एमडीएमए ड्रग्स बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लाखों रुपए का नशीला पदार्थ और कार जब्त की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, ग्राम रहंगी स्थित खोलीभाटा मैदान के पास एक कार में दो युवक संदिग्ध हालत में मौजूद हैं और प्रतिबंधित मादक पदार्थ बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 26.05 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद किया गया। इसके साथ ही जिस कार में वे घूम रहे थे, उसे भी जब्त कर लिया गया। जब्त ड्रग्स और वाहन की कुल कीमत करीब 12 लाख 95 हजार 500 रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि, वे ड्रग्स बेचने के इरादे से ग्राहक तलाश रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रेश बलेचा और महेश वर्मा के रूप में हुई है, जो चकरभाठा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।