शेयर बाजार अपडेट: सेंसेक्स 550 अंक टूटा, निफ्टी भी धड़ाम; रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा रुपया

Follow Us

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को चौतरफा बिकवाली के चलते भारी गिरावट देखने को मिल रही है। कारोबारी हफ्ते के तीसरे दिन यानी 20 मई को सेंसेक्स 550 अंक (0.75%) की बड़ी गिरावट के साथ 74,647 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, निफ्टी भी 170 अंक (0.72%) टूटकर 23,450 पर आ गया है। आज के ट्रेडिंग सेशन में ऑटो, बैंकिंग और मेटल सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली का दबाव है, जिससे निवेशकों में खलबली मची हुई है। शेयर बाजार के साथ-साथ आज शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 33 पैसे कमजोर होकर 96.89 के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है।

बाजार में इस गिरावट की मुख्य वजह वैश्विक बाजारों से मिल रहे कमजोर संकेत हैं। एशियाई बाजारों में आज भारी गिरावट है; जापान का निक्केई 786 अंक और साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 142 अंक तक टूट गया है। इससे पहले मंगलवार को अमेरिकी बाजारों (डाउ जोन्स और नैस्डैक) में भी बड़ी कमजोरी देखी गई थी। इस बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की ओर से भारतीय बाजार में बिकवाली का सिलसिला लगातार जारी है, जिन्होंने पिछले सत्र में 2,458 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने बाजार को संभालने की कोशिश करते हुए 3,802 करोड़ रुपये की खरीदारी की है। इससे पहले 19 मई को भी सेंसेक्स 114 अंक और निफ्टी 32 अंक गिरकर बंद हुआ था, जिससे बाजार में लगातार दूसरे दिन मंदी का माहौल बना हुआ है।