जनआक्रोश के बीच कांग्रेस ने घेरा नगर निगम, अरुण वोरा बोले -“पोस्टरों में विकास, धरातल पर अव्यवस्था”

Follow Us

दुर्ग। जिले में नगर निगम की अव्यवस्थाओं, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर आज कांग्रेसजनों द्वारा नगर निगम कार्यालय का घेराव कर विशाल जनआंदोलन किया गया। प्रदर्शन के दौरान जल संकट, लंबित पेंशन, सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, नाला-नाली सफाई, तालाब गहरीकरण में भ्रष्टाचार तथा प्रधानमंत्री आवास योजनाओं में मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

पूर्व विधायक अरुण वोरा ने आंदोलन को संबोधित करते हुए कहा कि:
आज दुर्ग की जनता के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है, बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिल रही, शहर गंदगी से जूझ रहा है। दुर्ग में चल रही तथाकथित “ट्रिपल इंजन सरकार” बड़े-बड़े दावे कर रही है कि, शहर में संपूर्ण नगरीय विकास हो रहा है। कहा जा रहा है कि, शहरभर में 100 से अधिक स्थानों पर सीमेंट सड़कें बन रही हैं, 700 नए बिजली खंभे लगाए जा रहे हैं, ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं और तालाबों की सफाई के लिए मशीनें खरीदी जा रही हैं।

लेकिन धरातल पर जनता आज भी बदहाल मूलभूत सुविधाओं से जूझ रही है। विकास केवल विज्ञापनों, पोस्टरों और भाषणों में दिखाई दे रहा है। करोड़ों रुपए खर्च होने के दावों के बावजूद शहर की स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। जनता पूछ रही है कि, आखिर ये विकास दिखाई क्यों नहीं देता? यह “विकास मॉडल” नहीं, बल्कि जनता की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास है।

वोरा ने कहा कि, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने दुर्ग शहर के विकास हेतु विभिन्न योजनाओं में करोड़ों रुपए के महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत किए थे। इनमें से अधिकांश कार्यों के टेंडर एवं वर्क ऑर्डर भी जारी हो चुके थे, किन्तु वर्तमान सरकार ने राजनीतिक दुर्भावना के चलते इन कार्यों को “अप्रारंभ” बताकर रोक दिया। इसका खामियाजा आज शहर की आम जनता भुगत रही है।

अरुण वोरा ने मांग करते हुए कहा कि, शिवनाथ नदी स्थित बहुप्रतीक्षित रिवर फ्रंट परियोजना के कार्य तत्काल प्रारंभ किए जाएं, स्ट्रोट्रफ हॉकी मैदान का लंबित निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाए, स्वीकृत तालाबों के संरक्षण एवं संधारण कार्य शुरू करने, रीपा योजना के अंतर्गत पोटिया में प्रस्तावित निर्माण कार्य प्रारंभ करने तथा शिवनाथ नदी के अपूर्ण नाला डायवर्सन कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग की।

आंदोलन में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में नगर निगम प्रशासन से समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि, यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

इस अवसर पर आर.एन. वर्मा, परमजीत भुई, अजय मिश्रा, राजकुमार पाली, पप्पू श्रीवास्तव, सौरभ ताम्रकार, अनिल ताम्रकार, राजकुमार साहू, गोलू गुप्ता, राहुल अग्रवाल, काशीराम रात्रे, साफी कुरैशी, राकेश यादव, इंद्रपाल भाटिया, श्रीशरण डोंगरे, विकास सापेकर, पिंकी झा, कन्या धीमर, शाकुन धीमर, निर्मला साहू, महेश्वरी ठाकुर, श्रद्धा सोनी, निकिता सिंह, जातिन बंजारे, अचल गुप्ता इसाक अली, बुडा ऊरे लोकेश चक्रधारी एवं सुधीर चंदेल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।